जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महराजगंज विकासखंड में शुक्रवार को ‘आम बहार, आपके द्वार’ अभियान के तहत ‘आम वृक्ष भंडारा’ का आयोजन किया गया। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन प्रभाग, रायबरेली के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय लोगों को आम सहित अन्य फलदार एवं उपयोगी पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एडीओ पंचायत शिखर शुक्ला ने पौधरोपण कर किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भूखे व्यक्ति को भोजन कराने के लिए भंडारा आयोजित किया जाता है, उसी तरह धरती को हरा-भरा रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के उद्देश्य से ‘वृक्ष भंडारा’ की पहल की गई है।
एडीओ पंचायत ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य महराजगंज विकासखंड की प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाना तथा अधिक से अधिक पौधरोपण को प्रोत्साहित करना है।अभियान के दौरान आम की विभिन्न उन्नत प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया।
पौधे प्राप्त कर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला अधिकारियों ने पौधों के रोपण, सिंचाई और संरक्षण की वैज्ञानिक जानकारी भी दी, ताकि लगाए गए पौधों का बेहतर विकास हो सके।
कार्यक्रम में लोगों से मानसून के दौरान विद्यालय परिसरों, सार्वजनिक स्थलों, पंचायत भूमि तथा अपने घरों के आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक मिशन प्रबंधक अवनीश सिंह, ब्लॉक मिशन प्रबंधक अवंतिका वर्मा, वन विभाग के अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित महराजगंज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
