समझौते के बाद भी नहीं बनी नाली, धमकियों से परेशान पीड़ित ने फिर लगाई न्याय की गुहार

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। सरेनी थाना क्षेत्र के पूरे जब्बर मजरे माधोपुर गांव में नाली निर्माण को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पुलिस चौकी भोजपुर में हुए समझौते के बावजूद विपक्षी ने अपनी ओर नाली का निर्माण नहीं कराया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पूरे जब्बर मजरे माधोपुर निवासी रामनरेश पुत्र रामदीन का गांव के रघुवीर पुत्र रामेश्वर के साथ नाली निर्माण को लेकर विवाद हुआ था। शिकायत के बाद मामला पुलिस चौकी भोजपुर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया। समझौते के तहत विपक्षी ने अपनी ओर नाली बनाने की सहमति भी दी थी।

पीड़ित का आरोप है कि समझौते के बावजूद आज तक नाली का निर्माण नहीं कराया गया। इतना ही नहीं, इस संबंध में विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। रामनरेश का कहना है कि वह तहसील दिवस और थाना सरेनी में कई बार प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग कर चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

न्याय की उम्मीद में पीड़ित ने एक बार फिर थाना सरेनी पहुंचकर तहरीर दी है। उसने पुलिस से समझौते का पालन सुनिश्चित कराने, नाली निर्माण कराने तथा आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि समझौते के अनुपालन और विवाद के स्थायी समाधान के लिए पुलिस क्या कदम उठाती है।

Related posts