ढाबों पर लगे फूड सेफ्टी फीडबैक फॉर्म श्रद्धालु सीधे दर्ज करा सकेंगे शिकायत

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। कांवड़ यात्रा को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। शनिवार को विभागीय टीम ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंटों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।रायबरेली-प्रयागराज हाइवे पर स्थित झकरासी में प्रिया ढाबा, बाबा ढाबा, जुबिलिएशन रेस्टोरेंट, श्री बालाजी टी स्टॉल सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

टीम ने सभी प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट एप का फीडबैक फॉर्म भी लगाया, ताकि कांवड़ यात्री भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सेवाओं के संबंध में सीधे अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा सकें। निरीक्षण के दौरान संचालकों को निर्देश दिए गए कि सभी खाद्य पदार्थ स्वच्छ वातावरण में तैयार किए जाएं, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा प्रतिष्ठान के बाहर और अंदर रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए।

साथ ही श्रावण मास की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए कांवड़ यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार के नॉनवेज खाद्य पदार्थ तैयार या विक्रय न करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निर्देशों की अनदेखी मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु यात्रा मार्ग से गुजरते हैं। उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए विभाग लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई के मानकों का कड़ाई से पालन करने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related posts