मातृभूमि सेवा मिशन ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की 11वीं पुण्यतिथि पर अर्पित किए श्रद्धा-सुमन, योग शिविर में गूंजे राष्ट्रभक्ति के स्वर

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मातृभूमि सेवा मिशन, रायबरेली इकाई द्वारा संचालित दैनिक निःशुल्क प्रातःकालीन योग शिविर में सोमवार सुबह शहीद स्मारक प्रांगण में भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की 11वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में योग साधकों, महिलाओं, बच्चों और नागरिकों ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला योग साधिकाओं सुमन, रश्मि, माया, शिवांशी, सुनैना एवं पूनम द्वारा सामूहिक दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद भारत लाल ने डॉ. कलाम के चित्र पर माल्यार्पण किया। उपस्थित सभी लोगों ने “डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम अमर रहें” तथा “भारत माता की जय” के गगनभेदी उद्घोष लगाए,

जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा।मातृभूमि सेवा मिशन के संयोजक प्रदीप पाण्डेय ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का जीवन सादगी, अनुशासन, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है।

उनके आदर्श आज भी युवाओं को बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम के बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भागवत प्रताप सिंह, योग शिक्षक अनूप शर्मा, भारत लाल, राकेश, अरविंद, देवता, दिनेश पाण्डेय, सुमन, रश्मि, माया, शिवांशी, सुनैना एवं पूनम सहित बड़ी संख्या में योग साधक, महिलाएं, नन्हे-मुन्ने बच्चे और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts