उर्वरक वितरण को लेकर विवाद के बाद साधन सहकारी समिति बनगाई का एसडीएम ने किया औचक निरीक्षण

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

रिपोर्ट आनंद पाण्डेय गोंडा

गोण्डा। उर्वरक वितरण को लेकर सोमवार को साधन सहकारी समिति बनगाई में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद मंगलवार को उपजिलाधिकारी प्रथम बृजेश कुमार वर्मा ने समिति का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समिति के सचिव मदन मोहन तिवारी उपस्थित रहे।

उपजिलाधिकारी ने समिति में उपलब्ध उर्वरक स्टॉक, गोदाम, स्टॉक रजिस्टर एवं वितरण अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को निर्धारित दर पर पारदर्शी ढंग से उर्वरक उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही समिति की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

बताया गया कि सोमवार को उर्वरक वितरण के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई थी। इस संबंध में समिति के सचिव मदन मोहन तिवारी ने कौड़ियां थाना में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी प्रथम बृजेश कुमार वर्मा ने थाना प्रभारी कौड़ियां को आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्वरक वितरण में बाधा उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों को बिना किसी परेशानी के उर्वरक उपलब्ध कराया जा सके।

इस अवसर पर किसान नान बाबू, घनश्याम वर्मा, विकास, गुलशन वर्मा, राम अवतार सहित अन्य किसान एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related posts