520 घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का दावा, अधूरी योजनाओं पर भी उठे सवाल
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। जल जीवन मिशन के तहत विकास खंड रामपुर मथुरा के ग्राम सेमरी में शनिवार को जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सेमरी पेयजल योजना का जलार्पण किया। मंत्री ने कहा कि योजना के माध्यम से 520 घरों को नल से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना में नलकूप, पम्प हाउस, शिरोपरि जलाशय और लगभग 10.93 किलोमीटर पाइपलाइन का निर्माण किया गया है। उन्होंने जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया।

कार्यक्रम में एमएलसी पवन कुमार सिंह चौहान ने योजना में सोलर सिस्टम, स्काडा तकनीक एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं की सराहना की। महमूदाबाद विधायक आशा मौर्या ने सरकार के विकास कार्यों की प्रशंसा की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

हालांकि, कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने जिले की अन्य पेयजल योजनाओं की धीमी प्रगति पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि कई स्थानों पर टंकियां और पाइपलाइन बनने के बावजूद आज तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि योजनाओं की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी,
जब हर घर तक नियमित रूप से शुद्ध पेयजल पहुंचना सुनिश्चित हो।
