डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
सलोन (रायबरेली)। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार एवं सलोन विधायक अशोक कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 92 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी मामले में कोई बाधा हो तो उसका स्पष्ट कारण भी दर्ज किया जाए।
समाधान दिवस में राजस्व विभाग की सर्वाधिक 62 शिकायतें आईं। इसके अलावा पुलिस की 7, विकास की 7, विद्युत की 7, पूर्ति विभाग की 3, लोक निर्माण विभाग की 2, नगर पंचायत की 2, सिंचाई विभाग की 1 तथा चकबंदी विभाग की 1 शिकायत दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भी पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर ग्राम अतागंज उसरी निवासी संतोष कुमार को 150 वर्गमीटर आवासीय पट्टे का आवंटन प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सलोन अंकित कुमार, तहसीलदार दीपिका सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
