जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 3 अगस्त। हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक प्रथम किश्त जमा करनी होगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा ऑनलाइन कुर्रा के माध्यम से उत्तर प्रदेश से प्राप्त 22,510 आवेदनों में चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। चयनित यात्रियों को इसकी सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जा चुकी है। सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रोविजनली चयनित हज यात्री को प्रथम किश्त के रूप में ₹1,52,300 की राशि 10 अगस्त 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया या भारतीय स्टेट बैंक के निर्धारित खाते में जमा करनी होगी। पे-इन स्लिप हज कमेटी की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। इसके अलावा हज सुविधा ऐप या वेबसाइट के माध्यम से क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग से भी ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है।
महिमा ने बताया कि प्रथम किश्त जमा करने के बाद सभी चयनित यात्रियों को पे-इन स्लिप, स्वहस्ताक्षरित हज आवेदन पत्र, घोषणापत्र, अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट संबंधी घोषणा पत्र तथा मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाणपत्र अपने लॉग-इन आईडी के माध्यम से हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदक को दस्तावेज अपलोड करने में कठिनाई होती है तो उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के कार्यालय तथा संबंधित जिले के हज ई-सुविधा केंद्रों पर यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। चयनित यात्री समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि आगे की प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
