पीएम श्री विद्यालय से स्मार्ट बोर्ड समेत लाखों के डिजिटल उपकरण चोरी, अज्ञात पर मुकदमा दर्ज।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय कुबना में हुई चोरी की घटना ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोर विद्यालय का ताला तोड़कर स्मार्ट बोर्ड सहित लाखों रुपये के डिजिटल शिक्षण उपकरण चोरी कर ले गए। मामले में प्रधानाध्यापिका की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूजा सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 13 और 14 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात चोर विद्यालय में घुस गए और Acer ACTOS INP स्मार्ट बोर्ड (टीवी पैनल), एक मॉनिटर, एक यूएसबी वेब कैमरा तथा चार ब्लूटूथ हेडसेट चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर विद्यालय पहुंचने पर हुई। काफी तलाश के बाद भी उपकरणों का कोई पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाने के साथ ही संभावित संदिग्धों की तलाश में जुटी है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीश यादव ने बताया कि विद्यालय में चोरी की घटना के संबंध में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Related posts