जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। तहसील क्षेत्र के पखनपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि न्यायालय के आदेश के तीन वर्ष बाद भी उसे अपनी पुश्तैनी भूमि पर कब्जा नहीं मिल सका है। पीड़ित ने मामले में उपजिलाधिकारी से न्याय दिलाने और आदेश का पालन कराने की मांग की है।
पखनपुर निवासी रविंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय बाबादीन का कहना है कि उनकी पुश्तैनी भूमि पर गांव के कुछ लोग अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
इस संबंध में उन्होंने थुलेंडी चौकी, उपजिलाधिकारी महराजगंज तथा तहसील दिवस में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में रामप्यारे पुत्र अल्पी, पल्टू पुत्र अल्पी और रामकिशोर पुत्र महादेव पर आरोप लगाए गए हैं।पीड़ित के अनुसार उन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा दिलाए जाने के लिए 28 जून 2022 को उपजिलाधिकारी न्यायालय में हथबरारी का वाद दायर किया था।
मामले की सुनवाई के बाद 14 जून 2023 को न्यायालय ने भूमि की पैमाइश, सीमांकन और पथरगढ़ी कराने का आदेश दिया। आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन कर भूमि चिन्हित भी कर दी गई, लेकिन अब तक उन्हें जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका।रविंद्र कुमार का आरोप है कि गांव के प्रभावशाली लोगों के कारण प्रशासनिक आदेश का पालन नहीं हो पा रहा है।
उनका कहना है कि आरोपित लगातार भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे उनकी पुश्तैनी संपत्ति को लेकर विवाद बना हुआ है।पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि न्यायालय के आदेश का तत्काल अनुपालन कराते हुए उन्हें उनकी भूमि का कब्जा दिलाया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने बताया कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायत को हल्का लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले का निस्तारण कराया जाएगा।
