8 करोड़ की लागत से बने स्टेशन पर टूटी पुलिया, छत से टपका पानी और जलभराव से यात्रियों को हुई परेशानी
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां (रायबरेली)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए बछरावां रेलवे स्टेशन की निर्माण गुणवत्ता उद्घाटन से पहले ही सवालों के घेरे में आ गई है। पहली ही बरसात में स्टेशन परिसर में कई खामियां सामने आने से स्थानीय लोगों और यात्रियों में नाराजगी है।जानकारी के अनुसार,
लखनऊ-रायबरेली रेलखंड पर स्थित बछरावां रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 25 से 30 ट्रेनों का ठहराव होता है और करीब चार हजार यात्री यहां से आवागमन करते हैं। वर्ष 2023 में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के आधुनिकीकरण का कार्य शुरू हुआ था, जो करीब दो माह पहले पूरा हो चुका है। हालांकि अब तक इसका औपचारिक उद्घाटन नहीं हो सका है।
इस बीच स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर बनी पुलिया तीसरी बार क्षतिग्रस्त हो गई है। बार-बार मरम्मत के बावजूद पुलिया के टूटने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं बारिश के दौरान स्टेशन परिसर में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे यात्रियों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। इसके अलावा नवनिर्मित भवन की फॉल्स सीलिंग से भी बारिश का पानी टपकने की शिकायत सामने आई है।
स्थानीय निवासी राम भरोसे, सुंदर, प्रभात और गंगा सहित कई लोगों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ। उनका कहना है कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने रेलवे प्रशासन को शिकायत भेजने की बात भी कही है।इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि स्टेशन पर सामने आई कमियों की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
क्षतिग्रस्त पुलिया और अन्य समस्याओं को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।
