जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। प्राथमिक विद्यालय सोथी के पास तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में एक डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, सेनपुर निवासी बबलू सिंह गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी डिजायर कार से महराजगंज से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार प्राथमिक विद्यालय सोथी के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन से टक्कर की आशंका उत्पन्न हो गई। दुर्घटना से बचने के प्रयास में चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में उतर गया।
कार के खाई में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की सहायता से काफी मशक्कत के बाद कार को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। हादसे के दौरान कार क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन उसमें सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे।घटना की सूचना पर महराजगंज कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर खाई में चली गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है तथा सभी कार सवार सुरक्षित हैं।
