बार और बेंच के समन्वय से मिलेगा त्वरित न्याय : न्यायमूर्ति राजीव सिंह

सेंट्रल बार एसोसिएशन की नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। सेंट्रल बार एसोसिएशन की नव निर्वाचित कार्यकारिणी के अध्यक्ष, महामंत्री सहित सभी 22 पदाधिकारियों को शुक्रवार को आयोजित गरिमामय समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में न्यायपालिका एवं अधिवक्ता समुदाय के वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति राजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बार और बेंच न्याय व्यवस्था के दो मजबूत स्तंभ हैं।

उन्होंने कहा कि दोनों के बेहतर समन्वय से ही वादकारियों को समयबद्ध और प्रभावी न्याय मिल सकता है। उन्होंने अधिवक्ताओं सेअनावश्यक तारीख लेने से बचने, अपने पक्ष को तथ्यों और कानून के आधार पर प्रभावी ढंग से रखने तथा अधिवक्ता की गरिमा और बार की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के आचरण से ही नई पीढ़ी प्रेरणा लेकर न्यायिक परंपराओं का निर्वहन करेगी।विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति अब्दुल शाहिद ने कहा कि बार और बेंच एक-दूसरे के पूरक हैं तथा वादकारियों को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

वहीं न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए बार की परंपराओं एवं मर्यादाओं को बनाए रखने पर बल दिया।समारोह में पूर्व महामंत्री योगेंद्र दीक्षित ने नवनिर्वाचित महामंत्री संजय प्रताप को पदभार ग्रहण कराया, जबकि पूर्व अध्यक्ष राकेश तिवारी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को पदभार सौंपते हुए माल्यार्पण कर स्वागत किया।

पूर्व महामंत्री आशीष पांडेय, गंगा प्रसाद, विनोद द्विवेदी, शशिकांत शुक्ला, हरिश्चंद्र शर्मा तथा पूर्व अध्यक्ष शिव कुमार शुक्ला, ओ.पी. यादव और राकेश सिंह राना ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।इस अवसर पर जिला जज अमित पाल सिंह, प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय भूपेंद्र राम, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के न्यायाधीश प्रफुल्ल कमल,

न्यायिक अधिकारियों के प्रदेश मंत्री गुणेंद्र प्रकाश सहित जनपद के सभी न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Related posts