पुलिस ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का किया भव्य स्वागत, बांटे पानी-बिस्किट

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

जगतपुर (रायबरेली)। गोकना गंगा घाट से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे शिवभक्त कांवड़ियों का जगतपुर थाना क्षेत्र के पिछवारा गांव के पास पुलिस ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। थाना अध्यक्ष वागीश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका उत्साहवर्धन किया और श्रद्धालुओं को पानी की बोतल व बिस्किट भी वितरित किए।

पुलिस के इस आत्मीय स्वागत से कांवड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने तथा निर्धारित मार्ग पर व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने की अपील की। साथ ही उन्हें भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधा को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

इस दौरान पुलिस टीम लगातार कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था में जुटी रही। मार्ग पर पुलिस की सक्रियता से श्रद्धालुओं को भी राहत मिली। पुलिस द्वारा किए गए सम्मान और सहयोग के लिए कांवड़ियों ने आभार जताया।

थाना अध्यक्ष वागीश मिश्रा ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Related posts