भू-माफिया पर मकान ढहाने का आरोप, 50-60 असलहाधारी दबंगों के साथ पहुंचे

जिला रिपोर्टर  रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। लालगंज थाना क्षेत्र के पूरे बाल्हेश्वर गांव निवासी कमला पत्नी रामनरेश ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कथित भू-माफियाओं पर असलहों से लैस 50-60 लोगों के साथ मिलकर उनका बना-बनाया मकान ढहाने का गंभीर आरोप लगाया है पीड़िता ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।शिकायती पत्र के मुताबिक, कमला ने 8 अगस्त 2026 को समाधान दिवस में अपने मकान पर कथित कब्जे की शिकायत की थी।

आरोप है कि शिकायत के बावजूद मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 9 अगस्त की रात अमरेन्द्र बहादुर सिंह, अतुल प्रताप सिंह, मोहम्मद फारूख समेत करीब 50-60 लोग असलहों के साथ पहुंचे और मकान को ढहा दिया। पीड़िता का आरोप है कि दबंग पूरी रात उसके घर को घेरे रहे और देखते ही देखते उसका आशियाना जमींदोज कर दिया।

कमला के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर उनके छोटे बेटे ने 112 पर सूचना दी। उनके पति ने लालगंज कोतवाली के सीयूजी नंबर पर फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद एसपी रायबरेली के सीयूजी नंबर पर भी सूचना दी गई, जहां कार्रवाई का आश्वासन मिला।पीड़िता का आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट तक कथित आरोपियों के पास खड़ी रही,

लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस से जानकारी मांगने पर कथित रूप से आरोपियों के हाथ नहीं आने की बात कही गई।कमला ने जिलाधिकारी से अमरेन्द्र बहादुर सिंह, अतुल प्रताप सिंह और मोहम्मद फारूख के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही मातादीन, दातादीन, माताबदल और गयादीन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता का आरोप है कि उक्त लोगों ने गलत तरीके से बैनामा किया है। मामले में अब प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर नजर है।

Related posts