रील बनाने का जुनून पड़ा भारी, नदी में गिरा युवक; बाल-बाल बची जान

भदोखर थाना क्षेत्र के बेहटा पुल पर मचा हड़कंप, युवकों ने नदी में छलांग लगाकर बचाई जान—डूबने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून कभी-कभी जान पर भारी पड़ सकता है। ऐसा ही एक मामला भदोखर थाना क्षेत्र के बेहटा पुल से सामने आया है, जहां नदी के किनारे खड़े होकर रील बना रहा एक युवक अचानक संतुलन बिगड़ने से नदी में जा गिरा। देखते ही देखते युवक गहरे पानी में डूबने लगा। युवक को नदी में डूबता देख मौके पर मौजूद अन्य युवकों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि युवक नदी के किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। पानी में गिरते ही युवक हाथ-पैर मारकर खुद को बचाने की कोशिश करने लगा, लेकिन कुछ ही देर में वह डूबने लगा।युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने बिना अपनी जान की परवाह किए तत्काल नदी में छलांग लगा दी।

कड़ी मशक्कत के बाद युवकों ने डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते मदद मिलने से युवक की जान बच गई।घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को भदोखर थाना क्षेत्र के बेहटा पुल का बताया जा रहा है।

Related posts