कक्षा में बच्चों की पढ़ाई परखी, रसोई में भोजन की गुणवत्ता देखी; साफ-सफाई और एमडीएम व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सोमवार को विकासखंड परसेण्डी के उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। डीएम के अचानक पहुंचने से विद्यालय में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, एमडीएम शेड और साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानाध्यापक से छात्र संख्या की जानकारी लेने के साथ शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजिका भी देखी। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में संचालित व्यवस्थाओं और अभिलेखों की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
इसके बाद डीएम सीधे रसोईघर पहुंचे और मिड-डे मील की गुणवत्ता परखी। उन्होंने प्रधानाध्यापक को निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक स्वयं भोजन की गुणवत्ता जांचें और बच्चों के साथ बैठकर भोजन करें, ताकि भोजन की गुणवत्ता को लेकर किसी प्रकार की शिकायत की गुंजाइश न रहे।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कक्षा-2 में पहुंचकर बच्चों से संवाद किया और एक छात्रा से पुस्तक पढ़वाई। छात्रा ने पुस्तक का सही ढंग से वाचन किया तो डीएम ने उसकी सराहना करते हुए बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इससे स्पष्ट हुआ कि निरीक्षण का फोकस केवल भौतिक व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों के वास्तविक शैक्षिक स्तर पर भी रहा।
विद्यालय परिसर में साफ-सुथरी और स्पष्ट वाल पेंटिंग देखकर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक की प्रशंसा की। उन्होंने एमडीएम शेड की नियमित सफाई, जलपान व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। डीएम के औचक निरीक्षण से विद्यालयों में व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारों की जवाबदेही सुनिश्चित करने का स्पष्ट संदेश गया।
