नगर पालिका अध्यक्ष शत्रुहन सोनकर ने किया नवनिर्मित पार्क का लोकार्पण, बच्चों से बुजुर्गों तक सभी को मिलेगी सुविधा।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। नगर के चौमुखी विकास की दिशा में सोमवार को एक और कदम बढ़ा। नगर पालिका अध्यक्ष शत्रुहन सोनकर ने वार्ड नंबर 24 स्थित मोहल्ला स्वराज नगर में नवनिर्मित पार्क का विधिवत लोकार्पण कर उसे आम नगरवासियों को समर्पित किया। पार्क के खुलने से क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्थानीय लोगों ने इसे मोहल्ले के विकास और बेहतर जीवनशैली की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
लोकार्पण कार्यक्रम में वार्ड सभासद शराफत अली एवं नामित सभासद शिशिर श्रीवास्तव सहित मोहल्ले के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने नवनिर्मित पार्क के लिए नगर पालिका प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ने के साथ लोगों को सुबह-शाम टहलने और बच्चों को खेलने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
*हर उम्र के लोगों के लिए बनेगा उपयोगी केंद्र* इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष शत्रुहन सोनकर ने कहा कि नवनिर्मित पार्क क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरा-भरा और सुखद वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि विकास की असली पहचान तभी है, जब शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में बुनियादी सुविधाओं के साथ स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण भी उपलब्ध हो।
उन्होंने कहा कि यह पार्क बच्चों के खेलने, युवाओं के टहलने और बुजुर्गों के लिए सुकून के पल बिताने का बेहतर स्थान बनेगा। नगर के विकास में जनसुविधाओं और हरियाली को प्राथमिकता दी जा रही है।स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पार्क के निर्माण से मोहल्ले की तस्वीर बदलने के साथ ही लोगों को स्वस्थ और खुशनुमा वातावरण मिलेगा।
लोगों ने भविष्य में भी क्षेत्र में इसी तरह के विकास कार्य कराए जाने की उम्मीद जताई।
