हर माह गरीबों का पेट भरने और बच्चों की शिक्षा का सहारा बनने वाली संस्था ने कांवड़ मार्ग पर पेश की इंसानियत की मिसाल
धारा लक्ष्य समाचार
सहारनपुर।
कंधों पर कांवड़, जुबां पर भोलेनाथ का नाम और रास्ते में सेवा का हाथ— कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर अंबाला रोड स्थित नकुड़ तिराहा चौकी के पास सिमरन उज्जवल भविष्य फाउंडेशन ने शिवभक्तों की सेवा कर मानवता और आस्था की शानदार मिसाल पेश की। फाउंडेशन की ओर से कांवड़ियों को फल एवं ठंडे पेय पदार्थ वितरित किए गए। लंबी यात्रा और गर्मी के बीच सेवा शिविर में पहुंच रहे कांवड़ियों ने शीतल पेय एवं फल ग्रहण कर सेवा भाव की जमकर सराहना की।
सेवा केवल एक दिन की नहीं, हर माह जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहता है फाउंडेशन
सिमरन उज्जवल भविष्य फाउंडेशन का सेवा अभियान केवल कांवड़ यात्रा तक सीमित नहीं है। संस्था द्वारा हर माह गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाता है। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा में सहयोग करते हुए उन्हें किताबें, स्कूल बैग और जरूरी शैक्षिक सामग्री भेंट की जाती है।
फाउंडेशन के संस्थापक सोनू धीमान ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि “भोलेनाथ के भक्तों की सेवा ही सच्ची भक्ति है।” संस्था हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान इसी भावना के साथ फल और पेय पदार्थ वितरित कर शिवभक्तों की सेवा करती है।
सेवा में जुटे सदस्य, बढ़-चढ़कर किया भोले के भक्तों का स्वागत
सेवा कार्यक्रम में राजेश धीमान, प्रभात जायसवाल, अंकित सिंह, प्रमोद कुमार, अवनीश धीमान, दाऊद सिद्दीकी, सलीम, आजाद, भूपेंद्र धीमान राजू चौहान सहित फाउंडेशन के अनेक सदस्य मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कांवड़ियों को फल एवं ठंडे पेय पदार्थ वितरित किए।
कांवड़ मार्ग पर जहां एक ओर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारे गूंज रहे थे, वहीं दूसरी ओर सेवा के इस प्रयास ने यह संदेश दिया कि आस्था जब मानवता से जुड़ती है तो सेवा स्वयं महादेव की पूजा बन जाती है।
