जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने विभागवार योजनाओं की स्थिति, निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियों, सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग और कम प्रगति वाले बिंदुओं की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी लाई जाए और निर्धारित लक्ष्य हर हाल में समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर महज अच्छी रैंकिंग हासिल करना ही उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने कम प्रगति वाले विभागों के अधिकारियों से कारणों की जानकारी लेते हुए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के साथ ही योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए।
उन्होंने सीएम डैशबोर्ड पर फीड किए जाने वाले आंकड़ों और सूचनाओं की शुद्धता, अद्यतन स्थिति एवं प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन करते हुए उसका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उप निदेशक कृषि हिमांशु पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
