नहर पटरी की सड़क बदहाल, गड्ढों में तब्दील हुआ रास्ता; ग्रामीणों में आक्रोश

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। मऊ बड़ी नहर से निकली डीह रजबहा नहर की पटरी पर बनी पक्की सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। मुरैनी से लेकर पूरे रानी का पुरवा तक सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जर्जर सड़क के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन वाहन चालक गड्ढों में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक लंबे समय से सड़क की मरम्मत न होने के कारण इसकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।

कई बार वाहन अनियंत्रित होने से लोग चोटिल भी हो चुके हैं।ग्रामीणों में विभागीय अधिकारियों के प्रति भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि सड़क की जर्जर हालत की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा इसकी सुध नहीं ली जा रही है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द नहर पटरी की सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।

Related posts