लालबाग चौराहे से आंख अस्पताल तक निकली यात्रा में अधिकारी, विद्यार्थी, पुलिस-पीएसी जवान और नागरिक हुए शामिल
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। आजादी के अमृत महोत्सव की भावना, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संदेश के साथ बुधवार को जनपद में भव्य पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। लालबाग चौराहे से शुरू हुई यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, पुलिस एवं पीएसी जवानों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लेकर राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत किया।

यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, उपजिलाधिकारी सदर जनार्दन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक यात्रा की।

तिरंगा यात्रा लालबाग चौराहे से प्रारंभ होकर आंख अस्पताल तक पहुंची। पूरे मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल नजर आया। मार्ग में मौजूद नागरिकों ने भी यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। स्कूली बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं बैंड प्रदर्शन कर लोगों में देशभक्ति और उत्साह का संचार किया।

लालबाग चौराहे पर पुलिस एवं पीएसी बैंड की विशेष प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। देशभक्ति की धुनों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल होकर राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं जिम्मेदारी का संदेश दिया।
जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कहा कि ऐसे आयोजन नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।

यात्रा के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। तिरंगा यात्रा ने देश के प्रति गौरव, समर्पण और ‘राष्ट्रहित सर्वोपरि’ की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
