जांच टीम की लोकेशन लीक कर रहा था संदिग्ध वाहन, खनन विभाग ने पकड़ा; चालक फरार

ओवरलोड और अवैध खनन में लगे वाहनों को देता था जांच टीम की भनक, खनन विभाग की तहरीर पर एफआईआर की तैयारी।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। बछरावां-लालगंज मार्ग पर अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच खनन विभाग ने एक ऐसे संदिग्ध वाहन को पकड़ा है, जिस पर जांच टीम की लोकेशन ओवरलोड और बिना परिवहन प्रपत्र के उपखनिज ढोने वाले वाहन मालिकों तक पहुंचाने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। खनन विभाग की तहरीर पर बछरावां थाने में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।

जिलाधिकारी सरनीत कौर के निर्देश पर खनन विभाग और निदेशालय, भूतत्व एवं खनिकर्म लखनऊ की टीम द्वारा बछरावां-लालगंज मार्ग पर लगातार मोरम, गिट्टी, डस्ट और बालू के अवैध परिवहन तथा ओवरलोड वाहनों की जांच की जा रही है। विभागीय तहरीर के मुताबिक, वाहन संख्या UP32QV5254 कथित तौर पर जांच टीम के वाहनों का पीछा कर रहा था और इसकी मदद से अवैध रूप से उपखनिज ले जाने वाले वाहन मालिकों को टीम की लोकेशन की जानकारी दी जा रही थी।

19 अगस्त को टीम ने उक्त वाहन का पीछा करते हुए पश्चिम गांव बाईपास लखनऊ रोड, नहर के पास घेराबंदी की। टीम को देखते ही वाहन चालक कथित तौर पर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बाद में वाहन को बछरावां पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

खनन विभाग की तहरीर में आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर अनिल निवासी लालगंज का नाम सामने आने का दावा किया गया है।

आरोप है कि वाहन मालिकों से मिलीभगत कर जांच टीम की लोकेशन उपलब्ध कराते हुए ओवरलोड और बिना परिवहन प्रपत्र वाले वाहनों के अवैध परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा था, जिससे सरकार को राजस्व की भारी क्षति हो रही है।

खनन विभाग ने वाहन और कथित लोकेटर के फोटोग्राफ भी तहरीर के साथ संलग्न किए हैं। खान अधिकारी/खान निरीक्षक की ओर से बछरावां थाने में तहरीर देकर संबंधित के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस अब मामले में आरोपों की जांच कर रही है।

Related posts