नदी में समाया 19 वर्षीय युवक, सुबह मिला शव

मछली पकड़ने गया था सुरजीत, पैर फिसलने से नदी में गिरने की आशंका; तलाश के बाद बरामद हुआ शव।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार

रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र के परसदेपुर कस्बे के बाकरबेग मोहल्ला गढ़ी निवासी 19 वर्षीय सुरजीत सरोज उर्फ कल्लू पुत्र तुलसीराम की सई नदी में डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों की तलाश के दौरान नदी से उसका शव बरामद होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।बताया गया कि सुरजीत गुरुवार शाम फागूपुर कैनाल पंप के पास कटिया लेकर मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नदी में जा गिरा। काफी देर बाद भी जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।

देर रात तक नदी और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद सुरजीत का कोई पता नहीं चल सका।शुक्रवार सुबह ग्रामीणों के साथ परिजनों ने एक बार फिर सई नदी में तलाश शुरू की। इसी दौरान नदी में सुरजीत का शव दिखाई दिया। शव मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सूचना पर पहुंची डीह थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts