मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे ने चमकाई नेहरू नगर क्रॉसिंग की सड़क, वर्षों की बदहाली पर उठे सवाल

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। शहर के नेहरू नगर रेलवे क्रॉसिंग की ओर जाने वाली सड़क पर अचानक साफ-सफाई, मरम्मत और सौंदर्यीकरण का काम तेज कर दिया गया है। लंबे समय से बदहाल नजर आने वाली सड़क और आसपास के क्षेत्र में अब व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए विभागीय टीमें जुटी हुई हैं।

सड़क के किनारे उगी झाड़ियां हटाने, नालियों की सफाई, पेड़ों की छंटाई और आसपास के क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने का काम तेजी से कराया जा रहा है। शहर को मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर साफ, सुंदर और व्यवस्थित दिखाने के लिए संबंधित विभागों में भी अचानक सक्रियता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन सड़कों और नालियों की बदहाली की ओर लंबे समय से जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं गया, वहां मुख्यमंत्री के संभावित आगमन की सूचना के बाद तेजी से काम शुरू हो गया है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा नहीं होता, तो क्या इन सड़कों और व्यवस्थाओं की इसी तरह सुध ली जाती?

अचानक शुरू हुए मरम्मत और सफाई कार्यों ने वर्षों से उपेक्षित व्यवस्थाओं की हकीकत को सामने ला दिया है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि मुख्यमंत्री के दौरे के बाद भी इन व्यवस्थाओं को इसी तरह दुरुस्त रखा जाता है या फिर दौरा समाप्त होते ही पुरानी स्थिति लौट आती है।

Related posts