सीएम योगी के दौरे को लेकर रायबरेली में तेज हुई तैयारियां, जनसभा में देंगे करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात

24 अगस्त को प्रस्तावित दौरा: राणा बेनी माधव बख्श सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद ऑडिटोरियम का करेंगे उद्घाटन, फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान में होगी विशाल जनसभा।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अमला सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। अधिकारियों की ओर से कार्यक्रम स्थलों का लगातार निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले अमर शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राणा बेनी माधव बख्श सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद उनकी स्मृति में निर्मित ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर ऑडिटोरियम परिसर में भी तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

इसके बाद मुख्यमंत्री फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। मंच, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे का सबसे अहम पहलू जिले को मिलने वाली विकास परियोजनाओं की सौगात होगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रायबरेली में सैकड़ों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सकते हैं। इससे जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन भी सक्रिय हो गया है।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी तैयारियों में जुटे हैं।जिलाधिकारी सरनीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा नेता एवं पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और आमजन में उत्साह है। उनका दौरा रायबरेली के विकास को नई दिशा देने वाला साबित होगा।

Related posts