पीडीए सम्मेलन में उमड़ी भीड़, सपा ने 2027 के लिए फूंका चुनावी बिगुल

श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, सैकड़ों लोगों ने थामा सपा का दामन।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। कस्बे के हैदरगढ़ रोड स्थित सूर्या उत्सव लॉन में रविवार को समाजवादी पार्टी का पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी से सपा खेमे में खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में उमड़ी भीड़ प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की बढ़ती लहर का संकेत है। उन्होंने महंगाई, कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा और कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचें। जनता को सपा की नीतियों और पूर्ववर्ती सपा सरकार में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दें तथा पीडीए के मुद्दों को मजबूती से जनता के बीच उठाएं।सैकड़ों लोगों ने ली सपा की सदस्यता सम्मेलन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कैर ग्राम प्रधान मंशाराम पाल, सुल्तानपुर ग्राम प्रधान संतलाल लोधी, हिलहा प्रधान दिलीप तिवारी, मंझिगवां प्रधान हरिश्चंद्र निर्मल, बारीगोहन्ना प्रधान प्रतिनिधि बबलू मिश्रा, कुशमहुरा प्रधान रमेश मौर्य, ओई ग्राम प्रधान हरिशंकर रावत, मौर्या समाज के अनूप नाथ मौर्य, शिवकुमार शर्मा, तेज बहादुर, अवधेश लोधी, राहुल अवस्थी, एडवोकेट सुनीता लोधी, पूर्व प्रधान छेदी पासी, बाबा अनशनकारी, गिरीश त्रिपाठी, महेंद्र अवस्थी, पूर्व प्रधान शिव बालक पाल समेत सैकड़ों लोगों को सपा की सदस्यता दिलाई।

नए सदस्यों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। सदस्यता लेने वाले कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।सम्मेलन में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, पीडीए के मुद्दों को गांव-गांव पहुंचाने और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

नेताओं ने महंगाई, कानून-व्यवस्था और जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए। दिल्ली में हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए भी सरकार की नीतियों पर निशाना साधा गया।

कार्यक्रम को विधायक श्यामसुंदर भारती, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी, विधायक अताउर रहमान, विधायक चंद्रप्रकाश लोधी, प्रदेश सचिव गिरधारी लाल, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, विधानसभा अध्यक्ष बृजेंद्र चौधरी, संजय सिंह, अभिषेक यादव समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

Related posts