हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार, सड़क के गड्ढे और अतिक्रमण से बढ़ा हादसों का खतरा।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के सारस चौराहा-मलिकमऊ रोड पर मंगलवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार सफेद रंग की ऑरा कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घायल युवक महिंद्रा शोरूम का कर्मचारी बताया जा रहा है, जो छुट्टी के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जानकारी जुटाई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के समय कार चालक नशे की हालत में था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घायल की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक व वाहन की तलाश की जा रही है।
*सड़क के गड्ढे और अतिक्रमण भी बने मुसीबत* स्थानीय लोगों का कहना है कि सारस चौराहा-मलिकमऊ रोड पर हाईवे के पास सड़क में बड़ा गड्ढा बना हुआ है। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण के कारण मार्ग का काफी हिस्सा संकरा हो गया है। इससे वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। शाम और रात के समय यातायात का दबाव बढ़ने पर दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
लोगों का आरोप है कि सड़क के गड्ढे, अतिक्रमण और तेज रफ्तार वाहनों के चलते इस मार्ग पर लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने, अतिक्रमण हटाने और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
