रामपुरकला में सर्राफा व्यापारी पर हमला, चांदी के आभूषण से भरा बैग लेकर फरार बदमाश

दो बाइकों से आए युवकों ने डंडों से किया हमला, करीब ढाई किलो चांदी के आभूषण ले जाने की बात

धारा लक्ष्य समाचार

सैय्यद जावेद क़ासिम

सीतापुर। रामपुरकला थाना क्षेत्र में रविवार शाम दुकान बंद कर घर लौट रहे सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की वारदात सामने आई। बाबूपुर निवासी रमेश निगम पर दो बाइकों से आए बदमाशों ने रास्ते में हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से व्यापारी सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद बदमाश उनका बैग लेकर फरार हो गए। व्यापारी के मुताबिक बैग में करीब ढाई किलो चांदी के आभूषण, कुछ नकदी, बैंक की कॉपी और जरूरी कागजात थे। चांदी के आभूषणों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

बताया गया कि रमेश निगम रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दुकान बंद कर घर के लिए निकले थे। करीब 10-15 मिनट बाद दो बाइकों पर सवार युवकों ने उन्हें घेर लिया और डंडों से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को सीएचसी पहला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार व्यापारी खतरे से बाहर हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह और सीओ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि घटना की सूचना करीब छह बजे मिली थी। व्यापारी के अनुसार बदमाशों ने डंडे से हमला कर उन्हें गिराया और बैग लेकर फरार हो गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि बैग में चांदी के आभूषण, बैंक की कॉपी और अन्य कागजात थे, जबकि सोने के आभूषण या बड़ी रकम होने की बात सामने नहीं आई है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने जल्द घटना का खुलासा करने का दावा किया है।

Related posts