रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली,मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया। निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयर हाउस की सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने लॉग बुक का अवलोकन करते हुए प्रवेश एवं निकासी संबंधी अभिलेखों की जानकारी प्राप्त की तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की।
साथ ही वेयर हाउस में स्थापित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम/वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए नियमित निरीक्षण के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज अहमद सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
