रक्षाबंधन पर न्यू स्टैण्डर्ड पब्लिक स्कूल में दिखी संस्कृति और संस्कारों की अनूठी मिसाल

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। न्यू स्टैण्डर्ड पब्लिक स्कूल, सलेथू में रक्षाबंधन का पावन पर्व गुरुवार को हर्षोल्लास, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षक आदित्य कुमार ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि प्रेम, सुरक्षा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस अवसर पर आलिमा, सौम्या, सृष्टि, एंजल, राधिका, आयरा, स्वास्तिक, अनुराधा, अंशुमान, संदर्भ, अश्वनी, कृष्णा और नित्यम सहित कई छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सिंह, प्रधानाचार्य एस.एल. प्रजापति एवं उप-प्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव ने वृक्षों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब विद्यालय की छात्राओं खुशी, समीक्षा, प्रज्ञा, अनन्या, नित्या और साक्षी ने उप-जिलाधिकारी महराजगंज चंद्र प्रकाश गौतम, थाना प्रभारी जगदीश यादव, तहसीलदार मंजुला मिश्रा तथा नायब तहसीलदार उमेश त्रिपाठी को राखी बांधकर सम्मान और विश्वास का प्रतीक प्रस्तुत किया।

अधिकारियों ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, सुरक्षा, विश्वास और सामाजिक सद्भाव का भी प्रतीक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति और परंपराओं के मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts