बाढ़ के पानी में घिरा जियापुर, जहरीले सांप के डसने से अधेड़ की हालत गंभीर

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के मोन गांव के मजरे जियापुर में बाढ़ और जलभराव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चारों ओर भरे पानी के बीच अब जहरीले सांपों और अन्य विषैले जीव-जंतुओं का खतरा भी लोगों के सिर पर मंडराने लगा है। बुधवार देर रात गांव निवासी 55 वर्षीय जगमोहन उस समय सांप का शिकार हो गए, जब वह अपने घर में चारपाई पर सो रहे थे। अचानक एक जहरीले सांप ने उनके बाएं कंधे पर डस लिया,

जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जलभराव होने के कारण आवागमन प्रभावित है। ऐसे में परिजन गंभीर हालत में जगमोहन को मोटरसाइकिल के सहारे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत में कुछ सुधार होने पर उन्हें घर ले आया गया,

लेकिन गुरुवार तड़के उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद एम्बुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।उधर, नैय्या नाले के उफान से जियापुर गांव चारों ओर से पानी से घिर गया है। ग्रामीण बिंदू यादव, रामसजीवन, राकेश और शिवपूजन ने बताया कि जलभराव के कारण सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव पानी से निकलकर घरों में घुस रहे हैं।

इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि बाढ़ और जलभराव की समस्या के साथ अब जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे गांव में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जलनिकासी की व्यवस्था कराने और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस दोहरी मुसीबत से राहत मिल सके।

Related posts