रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हरचंदपुर/रायबरेली। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ग्रामीण क्षेत्रों में तबाही का कारण बन रही है। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के ओई गांव में शुक्रवार को बारिश के चलते एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर पांच बकरियों की मौत हो गई, जबकि घर में रखा अनाज, राशन और अन्य गृहस्थी का सामान भी नष्ट हो गया।जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामसनेही पुत्र रामभरोसे का पक्की ईंटों से निर्मित कच्चा मकान लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो गया था।
शुक्रवार को मकान अचानक ढह गया, जिससे उसमें बंधी बकरियां मलबे में दब गईं। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक चार बकरियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बाद में मलबा हटाने पर एक और बकरी मृत मिली।
हादसे में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। मकान के अंदर रखा गेहूं, राशन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी मलबे में दबकर खराब हो गया। घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र मौर्य मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
ग्राम प्रधान ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
