गल्ला मंडी मार्ग की बदहाल सड़क पर उतरे दर्जनों लोग, नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल गल्ला मंडी मार्ग पर लंबे समय से बनी जलभराव और टूटी सड़क की समस्या को लेकर गुरुवार को स्थानीय नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की बदहाली को आम जनता के लिए जानलेवा बताते हुए तत्काल मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
प्रदर्शन की खास बात यह रही कि धरने में एक व्यक्ति यमराज के वेश में शामिल हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यमराज का यह सांकेतिक रूप प्रशासन को यह संदेश देने के लिए है कि टूटी सड़कें और जलभराव किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। लोगों का कहना था कि गल्ला मंडी मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन और राहगीर गुजरते हैं,
लेकिन सड़क पर गड्ढों और जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। बारिश के दौरान सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे वाहन चालकों, व्यापारियों और पैदल राहगीरों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि गल्ला मंडी मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जलनिकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष संतोष पाण्डेय ने कहा कि गल्ला मंडी मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब है। जलभराव और गड्ढों के कारण लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
