रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, खण्ड विकास अधिकारी संदीप सिंह एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह की पहल एवं सहयोग से बच्चों को शिक्षण व्यवस्था से जोड़े रखने के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित की गईं। जलभराव के कारण सामान्य शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने के बावजूद शिक्षकों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को विभिन्न विषयों की पढ़ाई कराई।
विषम परिस्थितियों में भी बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संवेदनशील पहल करते हुए सदर तहसील के अमावाँ विकासखंड के लोदीपुर गांव में जलभराव से प्रभावित बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान पर विशेष कक्षाओं का संचालन कराया गया, विशेष कक्षाओं के दौरान बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ चित्रकारी, रंग भरने एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी शामिल किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ इन गतिविधियों में प्रतिभाग किया।
इससे कठिन परिस्थितियों के बीच भी बच्चों का मनोबल बना रहा और उन्होंने पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों का आनंद लिया।प्रशासन की ओर से बच्चों के लिए फल, केला एवं मध्याह्न भोजन की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इस पहल के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ आवश्यक पोषण भी उपलब्ध कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आपदा अथवा विषम परिस्थितियों में भी बच्चों की शिक्षा की निरंतरता बनाए रखना, उनकी सीखने की प्रक्रिया को बाधित न होने देना तथा उन्हें मानसिक रूप से प्रसन्न, सक्रिय एवं सुरक्षित रखना है। प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी आपात परिस्थिति का प्रतिकूल प्रभाव बच्चों की शिक्षा पर न पड़े।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक अशोक त्रिपाठी, सतीश चौरसिया, हरिश्चंद्र पाण्डेय, नीलम, अर्चना, आकांक्षा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
