रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के लाभार्थी बच्चों के अभिभावकों से आवश्यक दस्तावेज शीघ्र उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर बच्चों को समय पर योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा सके।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत जनपद में 3386 बच्चे स्वीकृत हैं, जिन्हें प्रतिमाह ₹2500 की आर्थिक सहायता दी जानी है।
वहीं स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत 2054 बच्चों का चयन किया गया है, जिन्हें ₹4000 प्रतिमाह की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।जिला प्रोबेशन अधिकारी ने कहा कि लाभार्थी बच्चों के अभिभावक बच्चे का नाम, आधार कार्ड तथा बैंक खाते का विवरण व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध करा सकते हैं। इसके लिए विभाग की ओर से 7518024020 एवं 8303633583 नंबर जारी किए गए हैं।
उन्होंने अभिभावकों से समय रहते सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे सत्यापन कार्य शीघ्र पूरा होगा और पात्र बच्चों को बिना किसी विलंब के योजना का लाभ मिल सकेगा।
