रिपोर्टर : रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। सद्गुरु देव श्री सतपाल जी महाराज के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को बावन बुजुर्ग बल्ला स्थित श्री हंस विद्यापीठ से नशा उन्मूलन जनजागरण यात्रा एवं सद्भावना सम्मेलन का आयोजन किया गया। यात्रा का उद्देश्य समाज को नशामुक्ति, भाईचारे और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश देना था।जनजागरण यात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू एवं प्रधान प्रतिनिधि पंकज गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया।
यात्रा श्री हंस विद्यापीठ से प्रारंभ होकर महाराजगंज के प्रमुख मार्गों और तिराहों से होते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा, गुप्ता मेडिकल स्टोर सहित विभिन्न स्थानों तक पहुंची तथा पुनः विद्यापीठ परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए नशा छोड़ने और समाज में सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
सद्भावना सम्मेलन को संबोधित करते हुए साध्वी महात्मा अवंतिका बाई जी एवं भवानी बाई जी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और आध्यात्मिकता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि सद्गुरु देव जी के विचार मानवता, प्रेम और सेवा का संदेश देते हैं, जिन्हें जीवन में अपनाकर समाज को नई दिशा दी जा सकती है।कार्यक्रम के दौरान प्रभात साहू एवं सुधीर साहू द्वारा श्रद्धालुओं और आमजन को लड्डू एवं फल वितरित किए गए। आयोजन स्थल पर भक्ति, सेवा और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला।इस अवसर पर राजेश कुमार अवस्थी, रामअवध यादव, रामप्रकाश यादव, रामनरेश गुप्ता, अभिषेक तिवारी, दिलीप मौर्य, दिलीप द्विवेदी, मनोज, सौरभ तिवारी, दुर्गा प्रसाद, गणेश, दिनेश अवस्थी, श्रीकृष्ण अवस्थी, सरनाम सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने समाज में नशामुक्ति अभियान को और अधिक व्यापक बनाने तथा सद्भावना एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
