समीक्षा अधिकारी अभिषेक गोस्वामी ने बच्चों को कराया पौष्टिक भोजन, सेवा और सामाजिक सहभागिता का दिया संदेश।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 09 सितम्बर। विकासखंड अमावां की ग्राम पंचायत बहादुरनगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को ‘तिथि भोज’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। लखनऊ वित्त विभाग में तैनात रायबरेली निवासी समीक्षा अधिकारी अभिषेक गोस्वामी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर विद्यालय के बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए उन्हें स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करना तथा समाज में सेवा, सहयोग और सहभागिता के मूल्यों को बढ़ावा देना रहा। तिथि भोज के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने कहा कि ‘तिथि भोज’ जैसी पहल समाज के लोगों को बच्चों के साथ जुड़ने और उनके प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का अवसर प्रदान करती है। ऐसे आयोजन न केवल बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हैं, बल्कि उनमें सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक भावना को भी मजबूत करते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों पर जरूरतमंद और वंचित बच्चों के साथ खुशियां साझा करना समाज में संवेदनशीलता, मानवीयता और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान नीलम सिंह, ग्राम विकास अधिकारी शिवेंद्र सिंह, प्रधानाध्यापक अबशारुल मेराज जाफरी, सहायक अध्यापक राज भरत राजभर, जय सिंह यादव, शिखा सिंह, मंगेशलता, शिक्षामित्र शिव सागर, सीता सिंह सहित ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
