रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां, रायबरेली। कस्बे के मुख्य चौराहे के निकट थाना गेट के पास बुधवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।जानकारी के अनुसार पटेल नगर कॉलोनी निवासी राघवन शुक्ला (26) पुत्र राजीव शुक्ला बाजार से सामान खरीदकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान थाना गेट के समीप एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है।थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।
