निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर, लंबित योजनाएं जल्द पूरी करने के निर्देश।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अवसंरचनात्मक कार्यों तथा लघु सिंचाई विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप तय समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में लघु सिंचाई विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई। सीडीओ ने योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों को अधिकतम लाभ मिल सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए, जिससे विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, सहायक अभियंता लघु सिंचाई पंकज राय, एकता त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
