15 साल से नहीं हुआ सड़क का मरम्मत कार्य, खड़ंजा उखड़ने से राहगीर व स्कूली बच्चे परेशान
धारा लक्ष्य समाचार
बाराबंकी। विकासखंड क्षेत्र में बड़वल चौराहा से गनहरी रोड स्थित बड़वल सब्जी मंडी के पास सड़क की हालत बेहद जर्जर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन दोपहिया वाहन चालक और स्कूली बच्चे गड्ढों में गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बड़वल चौराहा से गनहरी रोड तक बनी इस सड़क का निर्माण करीब 15 वर्ष पूर्व मंडी परिषद द्वारा कराया गया था। इसके बाद से सड़क पर दोबारा कोई ठोस मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। लंबे समय से रखरखाव के अभाव में सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और कई स्थानों पर सड़क के नीचे बिछा खड़ंजा तक साफ दिखाई देने लगा है।
बड़वल सब्जी मंडी के आसपास सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहनों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। वहीं बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं। इसके अलावा स्कूली बच्चे भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। सड़क की जर्जर हालत के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक मरम्मत की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय निवासी हिमांशु शर्मा, लवकुश वर्मा, राजेश पाल, सुरेंद्र विश्वकर्मा, शिवपूजन चौरसिया, रंजीत वर्मा और शिवविजय वर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि सड़क की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि राहगीरों और स्कूली बच्चों को दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।
