प्रेम प्रसंग में प्रधान के बेटे की ईंट-पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या

महिला से मिलने उसके मायके पहुंचा था युवक, पति के साथ मिलकर वारदात का आरोप, दोनों गिरफ्तार

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत खैरहनी गांव में शनिवार की दोपहर प्रेम प्रसंग के चलते हरचंदपुर थाना क्षेत्र के छतैया गांव के प्रधान के बेटे की ईंट-पत्थरों और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान छतैया गांव निवासी प्रधान गणेश प्रसाद के बेटे रमाकांत उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रमाकांत कार से आरोपी महिला से मिलने उसके मायके पहुंचा था। जहां ग्रामीणों के सामने महिला और उसके पति ने युवक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रमाकांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि छतैया गांव निवासी सोनी का वर्ष 2010 में अमित के साथ विवाह हुआ था। दोनों से एक संतान हुई, जो तलाक के बाद अमित के पास है। इसी दौरान सोनी के संपर्क में रमाकांत आया और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। करीब सात वर्ष बाद सोनी का अमित से तलाक हो गया।

इसके बाद उसने खैरहनी गांव निवासी सुरेंद्र से विवाह कर लिया। दोनों करीब तीन वर्ष से साथ रह रहे थे और उनकी एक संतान भी है। बताया गया कि शुक्रवार को रमाकांत कार से सोनी से मिलने उसके मायके पहुंचा था। इसी दौरान महिला और उसके पति ने ग्रामीणों के सामने रमाकांत को घेर लियाv और ईंट-पत्थरों व डंडों से हमला कर दिया।

पिटाई से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्यवाही की जाएगी।

Related posts