फर्जी दस्तावेजों के सहारे एक ही महिला के नाम बने कई प्रमाण पत्र, जांच के आदेश

सभासद ने जन सेवा केंद्र संचालक समेत महिला के खिलाफ तहसीलदार को दी शिकायत, राजस्व विभाग में मचा हड़कंप।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। कस्बे में एक ही महिला के नाम पर कथित रूप से अलग-अलग वार्डों और पतों का उपयोग कर आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र जारी कराने का मामला सामने आने से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। वारसी नगर के सभासद मुस्ताक राइनी ने थाना दिवस में तहसीलदार को लिखित शिकायत देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार पोखरनी गांव निवासी साधना पत्नी शैलेन्द्र साहू के नाम से अलग-अलग वार्डों के पते दर्शाकर निवास, आय और जाति प्रमाण पत्र जारी कराए गए हैं।

आरोप है कि जिन वार्डों के पते प्रमाण पत्रों में अंकित हैं, वहां संबंधित महिला का न तो कोई मकान है और न ही कोई भूमि स्वामित्व है। इसके बावजूद कूटरचित एवं भ्रामक दस्तावेजों के आधार पर प्रमाण पत्र बनवा लिए गए।सभासद मुस्ताक राइनी ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि जन सेवा केंद्र संचालक शैलेन्द्र साहू पुत्र रामनरेश, निवासी ग्राम पोखरनी द्वारा अधिकारियों को गुमराह कर विभिन्न तिथियों में कई प्रमाण पत्र जारी कराए गए।

शिकायत में कहा गया है कि कुछ प्रमाण पत्रों में वार्ड संख्या-05 वारसी नगर तो कुछ में वार्ड संख्या-06 रूद्रनगर का पता दर्शाया गया है, जिससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है।

शिकायतकर्ता ने आवेदन संख्या एवं प्रमाण पत्रों का विवरण प्रस्तुत करते हुए मामले की राजस्व एवं प्रशासनिक स्तर पर विस्तृत जांच कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित जन सेवा केंद्र के संचालन और उसके माध्यम से जारी किए गए दस्तावेजों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।थाना दिवस में मौजूद तहसीलदार महराजगंज तथा पुलिस अधिकारियों ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में प्रमाण पत्रों की सत्यता और जन सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Related posts