न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल की एसएमसी बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर मंथन, नई लैबों का किया निरीक्षण।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। सलेथू स्थित न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल में शनिवार को विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्रों के सर्वांगीण विकास, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसएमसी अध्यक्ष सुशील पाण्डेय ने कहा कि किसी भी छात्र के व्यक्तित्व निर्माण में घर के संस्कार और विद्यालय के शिक्षकों का मार्गदर्शन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को केवल पाठ्य सामग्री रटाने के बजाय उनकी सोच, समझ और रचनात्मक क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षण पद्धतियों में भी नवाचार जरूरी है,
जिससे छात्र भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।विद्यालय के प्राचार्य राजीव सिंह ने समिति को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और नई योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार के लिए विशेष मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू की जा रही है।
इसके तहत प्रत्येक 10 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक की जिम्मेदारी तय की जाएगी, जो उनकी प्रगति पर नियमित नजर रखेगा और आवश्यक मार्गदर्शन देगा।
बैठक के उपरांत समिति के सदस्यों ने विद्यालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, भौतिक विज्ञान लैब, रसायन विज्ञान लैब तथा आर्ट एंड क्राफ्ट लैब का निरीक्षण किया। सदस्यों ने उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए लाभकारी बताया।
इस अवसर पर शिक्षक भूपेंद्र शुक्ला, आलोक कुमार सहित विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य एवं अन्य शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहे।
