जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब, समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा देकर जीता दिल।

जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण मेरी प्राथमिकता : विधायक अदिति सिंह।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह ने रविवार को लालूपुर चौहान स्थित अपने निजी आवास पर आयोजित जनसुनवाई में क्षेत्र की जनता की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। जनसुनवाई में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, जल निकासी, आवास, राजस्व, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा।

जनसुनवाई के दौरान विधायक अदिति सिंह ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस अवसर पर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए आम लोगों की समस्याओं का सीधे समाधान कराया जा रहा है।विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,

ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन की छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने अपनी समस्याएं रखीं। विधायक द्वारा मौके पर ही कई मामलों में अधिकारियों को निर्देश दिए जाने से लोगों में संतोष और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों ने विधायक के जनसरोकारों और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

Related posts