भव्य श्री शिव महापुराण कथा में सम्मिलित हुईं मा० राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से कथा श्रवण कर लिया आशीर्वाद, लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में गूंजा शिवमय वातावरण।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

ऊँचाहार, रायबरेली। चड़रई टोल प्लाजा के निकट बाबूगंज में आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा में सोमवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सहभागिता कर आध्यात्मिक वातावरण में कथा श्रवण किया। उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान सुप्रसिद्ध कथावाचक परम पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण की कथा सुनकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कथा स्थल पर राज्यपाल के आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति के बीच लाखों श्रद्धालु शिव महापुराण कथा का रसपान करते नजर आए। पूरा परिसर शिवभक्ति और धार्मिक उल्लास से सराबोर रहा।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि उन्हें इस पावन आयोजन में उपस्थित होकर अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि समय मिलने पर वह प्रायः टीवी के माध्यम से पं. प्रदीप मिश्रा की कथा सुना करती थीं, लेकिन आज प्रत्यक्ष रूप से कथा श्रवण करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

राज्यपाल ने कहा कि ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि संतों के सान्निध्य और धार्मिक कथाओं के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने भव्य श्री शिव महापुराण कथा के सफल आयोजन के लिए मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, साधु-संत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related posts