तेज रफ्तार क्रेन का कहर: महिला की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

धरई चौराहे पर घंटों हंगामा, चालक हिरासत में; कार्रवाई के आश्वासन पर खुला रास्ता।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

सलोन, रायबरेली। सलोन थाना क्षेत्र के धरई चौराहे पर रविवार को एक तेज रफ्तार क्रेन ने सड़क पार कर रही महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने चौराहे पर बैरियर व लकड़ियां लगाकर सड़क जाम कर दिया। घटना से इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त रहा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धरई-सलोन-नरई-प्रतापगढ़ मार्ग पर तेज गति से आ रही क्रेन ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने क्रेन को रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।घटना की सूचना फैलते ही धरई चौराहे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।सूचना मिलते ही सलोन कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त क्रेन सलोन स्थित अली क्रेन सर्विस की बताई जा रही है, जो कटे हुए पेड़ों को उठाने का कार्य करती है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related posts