निबंध, कविता, अंताक्षरी, प्रश्नोत्तरी व श्रुतलेख प्रतियोगिताओं में छात्रों ने दिखाया दमखम।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली/लालगंज। हिंदी पखवाड़ा के अवसर पर बैसवारा इंटर कॉलेज के गोविंद सभागार में हिंदी दिवस का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपने प्रेम और समर्पण का परिचय दिया। पूरे परिसर में हिंदी भाषा के सम्मान और संवर्धन का संदेश गूंजता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महान पर्यावरणविद्, पंचवटी के संरक्षक एवं बैसवारा पी.जी. कॉलेज के पूर्व भूगोल विभागाध्यक्ष प्रोफेसर महादेव सिंह रहे। उनका स्वागत हिंदी विभागाध्यक्ष बृजेश द्वारा माल्यार्पण, देवेन्द्र जी द्वारा लेखनी, उग्रसेन जी द्वारा पौधा भेंट तथा प्रधानाचार्य डॉ. नरेन्द्र सिंह द्वारा उत्तरीय ओढ़ाकर किया गया।
हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में निबंध लेखन, कविता पाठ, अंताक्षरी, प्रश्नोत्तरी एवं श्रुतलेख सहित पांच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। निर्णायक मंडल में कनकलता सिंह, शिल्पी सिंह, सरिता एवं डॉ. संजू सिंह शामिल रहीं, जिन्होंने प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए।
विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि प्रो. महादेव सिंह के कर-कमलों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया।अपने संबोधन में प्रो. महादेव सिंह ने बैसवारा क्षेत्र के महान साहित्यकारों की गौरवशाली परंपरा पर प्रकाश डालते हुए हिंदी भाषा के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। प्रधानाचार्य डॉ. नरेन्द्र सिंह ने हिंदी को देश की राजभाषा बताते हुए उसके महत्व को रेखांकित किया।
वहीं डॉ. संजू सिंह ने हिंदी को मातृभाषा का सम्मान देने की बात कही तथा सपना सिंह ने हिंदी को संस्कृत की बेटी बताते हुए इसकी समृद्ध विरासत पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शालिनी साहू ने किया। इस अवसर पर शिल्पी सिंह, रीता चौरसिया, सरिता, अतिदेव पाण्डेय, सुनील, अजय, फूल सिंह, अनिल सिंह, आशीष सिंह, कमल किशोर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
