सीढ़ियां डूबीं, अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों को हो रही परेशानी; कटरी क्षेत्र पर भी मंडराने लगा खतरा।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।डलमऊ क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। बढ़ते जलस्तर का असर अब ऐतिहासिक डलमऊ श्मशान घाट पर भी साफ दिखाई देने लगा है। गंगा का पानी घाट के बड़े हिस्से तक पहुंच गया है, जिससे घाट की कई सीढ़ियां पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। हालात को देखते हुए स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ने लगी है।
जानकारी के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी में पानी का बहाव बढ़ा है। इसका सीधा असर डलमऊ क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। श्मशान घाट का बड़ा हिस्सा पानी में डूब जाने से अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। घाट तक पहुंचने के रास्ते भी प्रभावित होने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो कटरी क्षेत्र के कई हिस्सों में भी जलभराव और कटान की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। घाट पर बने अस्थायी ढांचे और आसपास का क्षेत्र भी बढ़ते पानी की चपेट में आता दिखाई दे रहा है।
गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। वहीं ग्रामीणों ने संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। बढ़ते जलस्तर ने एक बार फिर कटरी क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है, जो हर वर्ष बाढ़ और कटान की समस्या से जूझते हैं।
