डाकघर में फूटा ग्राहकों का गुस्सा, कर्मचारी से तीखी बहस का वीडियो हुआ वायरल

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां, रायबरेली। कस्बा स्थित डाकघर में मंगलवार दोपहर एक ग्राहक और कर्मचारी के बीच हुई तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद डाकघर की कार्यशैली और ग्राहकों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक अपने परिजन की आरडी (रिकरिंग डिपॉजिट) खाते में धनराशि जमा करने के लिए करीब 12:30 बजे बछरावां डाकघर पहुंचा था।

आरोप है कि काफी देर तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद उसका काम नहीं किया गया, जबकि पीछे से आए अन्य लोगों के दस्तावेज लेकर जमा प्रक्रिया पूरी की जा रही थी।वायरल वीडियो में ग्राहक को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह लंबे समय से अपनी बारी का इंतजार कर रहा है, लेकिन उसकी अनदेखी की जा रही है।

इसी बात को लेकर ग्राहक और कर्मचारी के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में डाकघर की व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।

कई लोगों का कहना है कि यदि ग्राहकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए और सभी के साथ समान व्यवहार हो तो ऐसी स्थितियां उत्पन्न नहीं होंगी।

हालांकि, मामले को लेकर डाकघर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। क्षेत्र में यह घटना पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।

Related posts